अब नीट और जेईई परीक्षा वर्ष में दो बार आयोजित होगी।
नई दिल्ली : केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा ‘जेईई’ और मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट’ अब साल में दो बार कराई जाएंगी. ये परीक्षाएं अब ऑनलाइन होंगी. नवगठित नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) इन परीक्षाओं को संचालित करेगी. अब तक सीबीएसई ये परीक्षाएं आयोजित करती थी. जावड़ेकर ने शनिवार को पत्रकारों को यह भी बताया कि एनटीए सबसे पहले इस साल दिसंबर में राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) आयोजित करेगी. उन्होंने कहा कि जेईई (मेन्स) की परीक्षा साल में दो बार जनवरी और अप्रैल में होगी. नीट (यूजी) की परीक्षा फरवरी और मई में कराई जाएगी.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एनटीए साझा प्रबंधन प्रवेश परीक्षा (सीमैट) और स्नातक फार्मेसी अभिरुचि परीक्षा (जीपैट) भी आयोजित करेगी. सीमैट और जीपैट की परीक्षा अगले साल जनवरी में होगी. मंत्री ने कहा कि छात्र अब नीट और जेईई (मेन्स) की परीक्षाओं में दोनों बार शामिल हो सकेंगे और दोनों में से ज्यादा बेहतर स्कोर को दाखिले के वक्त माना जाएगा. देश में मेडिकल संस्थाओं में प्रवेश के लिए नीट की परीक्षा ली जाती है. उन्होंने कहा, ‘इससे छात्रों को ज्यादा मौके मिलेंगे. उनके भीतर की बेहतर क्षमता प्रदर्शित हो सकेगी और साल में एक ही बार एक ही परीक्षा से पैदा होने वाला तनाव कम होगा. बहरहाल, दोनों परीक्षाओं में बैठना अनिवार्य नहीं होगा.’ उन्होंने कहा कि ये परीक्षाएं अब ज्यादा सुरक्षित होंगी और अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरी उतरेंगी. प्रश्न-पत्र लीक होने की भी समस्या नहीं रहेगी और ये परीक्षाएं छात्र हितैषी, वैज्ञानिक और लीक मुक्त होंगी.
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें